राजकीय इंटर कॉलेज पाणा-ईरानी में पहली बार निकली भव्य प्रभात फेरी, झांकियों ने मोहा मन

बदलता गढ़वाल न्यूज
चमोली।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज पाणा-ईरानी में इस वर्ष पहली बार गांव में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सदनों की ओर से तैयार की गई आकर्षक झांकियों के साथ गांव में प्रभात फेरी निकाली।

प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं ने जीतू बगड़वाल, मां नंदा देवी, शिव शंकर नृत्य सहित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं लोक परंपराओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत कीं। झांकियों ने ग्रामीणों का मन मोह लिया और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक उत्सव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज पाणा-ईरानी के प्रधानाचार्य श्री गिरीश चंद्र सोनियाल, समस्त विद्यालय गुरुजन एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इसके साथ ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय ईरानी के अध्यक्ष चिरंजीव लाल, प्रधानाध्यापक श्री शैलेंद्र सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकत्री श्रीमती जमुना देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय सिंह नेगी, समस्त अभिभावक तथा महिला मंगल दल ईरानी-पाणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

विद्यालय परिवार ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना के साथ-साथ अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं के प्रति जुड़ाव भी मजबूत होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *