थराली में नामित पार्षद तेजपाल गुसाईं का पैतृक गांव में भव्य स्वागत, जनता की सेवा का लिया संकल्प
बदलता गढ़वाल न्यूज,
चमोली/गिरीश चंदोला।
उत्तराखंड सरकार द्वारा नगर पंचायत थराली का नामित पार्षद बनाए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता तेजपाल गुसाईं का उनके पैतृक गांव देवराड़ा में ग्रामीणों और समर्थकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं और उनके मनोनयन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
स्वागत समारोह में ग्रामीण केदार पंत ने कहा कि तेजपाल गुसाईं लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ उन्होंने विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी अपनी भागीदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि तेजपाल गुसाईं अपने सरल स्वभाव और मृदुभाषी व्यक्तित्व के कारण क्षेत्र में अलग पहचान रखते हैं तथा हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहे हैं। उनके नामित पार्षद बनने से देवराड़ा गांव सहित पूरे थराली क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर नव-नामित पार्षद तेजपाल गुसाईं ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान करना जानती है और उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
तेजपाल गुसाईं ने कहा कि वे जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने और आम लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता की सेवा उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और वे बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।