बड़ी खबर: हेलीकाॅप्टर दुर्घटना में पायलट समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत, सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश

बदलता गढ़वाल न्यूज,
जोशीमठ।

चमोली जिले की जोशीमठ घाटी में एक हेलीकाॅप्टर दुर्घटना होने से पायलट समेत 6 लोगों की अकाल मौत हो गई। इस घटना से लोग स्तब्ध होकर रह गए हैं। पांचों तीर्थ यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे।

मिली जनकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा को रवाना हुआ था। हेलीकाॅप्टर ने लगभग दोपहर 1.12 बजे बदरीनाथ से उडान भरी थी। इसके कुछ समय बाद लगभग 1.14 बजे हेलीकाॅप्टर का जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकाॅप्टर का संपर्क टूट गया।

हेलीकाॅप्टर के लापता होने की सूचना आॅर्मी पोस्ट के माध्यम से प्राप्त हुई। कतिपय लोगों का कहना है कि हेलीकाॅप्टर जोशीमठ के मारवारी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर से चांई गांव की ओर उड़ता देखा गया। बताया जा रहा है कि हेलीकाॅप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार सभी 6 लोग अकाल मौत के शिकार हो गए। सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए गए है। सभी शवों को दुर्गम घटनास्थल से सड़क मार्ग तक लाने के लिए आॅपरेशन जारी है।

*हेलीकाॅप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे..*

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया। इसके तहत पाण्डुकेश्वर एवं जोशीमठ से पुलिस, एसडीआरएफ, आईटीबीपी तथा सेना की सयुक्त टीम ने सर्च एवं रेस्क्यू आॅपरेशन के लिए रवाना हुई। जिला मुख्यालय गोपेश्वर से ड्रोन टीमों को भी सर्च आॅपरेशन के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि लापता हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए सभी टीमें समन्वय स्थापित करते हुए लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी रही। इसके चलते सभी शव बरामद कर लिए गए हैं।

मृतकों में दिल्ली निवासी पायलट कै. हिमांशु सभरवाल(48), कर्नाटक निवासी प्रथापा(41) अरुण सालुंके(44), वीबी शंकर गौड़ा(39), सुधीर के.(50), एचएस. नटराजा(51) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कर्नाटक निवासी सभी यात्री बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आए थे। भगवान के दर्शनों के उपरांत सभी लोग वापस जा रहे थे कि बीच रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस दुर्घटना से सभी लोग स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed