शिक्षक राष्ट्र का निर्माता, गुरु के बिना जीवन अधूरा: रघुवीर बिष्ट
बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।
शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री रामचंद्र भट्ट सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, गोपेश्वर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए विद्यालय के चार सेवानिवृत्त शिक्षकों को शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्गीय अरुणा भट्ट मेमोरियल छात्रवृत्ति के तहत 32,300 रुपये की नगद धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर रघुबीर सिंह बिष्ट ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है। शिक्षक के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है और गुरु के बिना जीवन अधूरा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देता, बल्कि उनके चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य भी करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम करने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में यदि किसी चीज का नशा होना चाहिए तो वह शिक्षा, सफलता, ज्ञान, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण का नशा होना चाहिए।
इस अवसर पर स्वर्गीय अरुणा भट्ट मेमोरियल छात्रवृत्ति के संरक्षक राकेश भट्ट द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 32,300 रुपये की नगद छात्रवृत्ति प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए अवकाशप्राप्त प्रधानाचार्य श्री कुंवर सिंह बर्त्वाल, श्री देवी प्रसाद बैजवाल, श्री रुद्र सिंह राणा एवं श्रीमती गीता साह को शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।
समारोह में श्री प्रेमबाला भट्ट, श्री एल.एस. चौहान, श्री हरि प्रसाद मंगाई, श्री गिरीश चंद जोशी, श्री किशन सिंह बिष्ट, श्री दीपक राणा सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।