माता-पिता पर जानलेवा हमले का आरोपी बेटा गिरफ्तार, कर्णप्रयाग पुलिस ने चाकू, ब्लेड और डंडा किया बरामद
बगोली गांव की घटना, पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज; आरोपी को न्यायालय में किया जा रहा पेश
बदलता गढ़वाल न्यूज,
कर्णप्रयाग।
चमोली जनपद के कर्णप्रयाग कोतवाली क्षेत्र के बगोली गांव में माता-पिता पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने 27 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताए गए चाकू, दाढ़ी बनाने वाला ब्लेड और लकड़ी का डंडा बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बगोली निवासी विक्रम सिंह पुत्र आनंद सिंह ने 11 अक्टूबर 2026 को कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे उनके पुत्र मनोज सिंह ने उनके और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ मारपीट की। आरोप है कि मनोज ने ब्लेड से उनके सीने और चेहरे पर वार किए तथा गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी पत्नी और पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनका पुत्र चाकू लेकर उन पर और उनकी पत्नी पर हमला करने आया था। साथ ही, पूर्व में भी तीन से चार बार हमला किए जाने की बात कही गई है।
*एसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम….*
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में तथा बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वीरपाल सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तलाश और सुरागरसी के बाद 11 अक्टूबर को बगोली के पास से आरोपी मनोज सिंह (27 वर्ष), पुत्र विक्रम सिंह, निवासी ग्राम बगोली को गिरफ्तार कर लिया।
“चाकू, ब्लेड और लकड़ी का डंडा बरामद…*
पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त बताए गए गुलाबी रंग का एक चाकू, दाढ़ी बनाने वाला एक ब्लेड और 3 फीट 11 इंच लंबा लकड़ी का डंडा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।