मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और 25 सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा*

*मुख्यमंत्री घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी : जिलाधिकारी*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कार्यों में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने, निर्माणाधीन एवं गतिमान परियोजनाओं में तेजी लाने तथा शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर कोई भी मुख्यमंत्री घोषणा अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। जिन घोषणाओं में शासन स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनसे संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रस्ताव शीघ्र शासन को प्रेषित किए जाएं।

साथ ही निर्माणाधीन एवं क्रियान्वयनाधीन घोषणाओं का विभागीय अधिकारी नियमित निरीक्षण कर निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। वहीं 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागीय आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों में वृद्धि करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में 04 जुलाई 2021 से वर्तमान तक माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कुल 166 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 101 घोषणाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष घोषणाओं पर विभिन्न स्तरों पर आवश्यक कार्यवाही एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया जारी है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *