16 से 19 जून तक नौ विकासखंडों में आयोजित होंगे बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद चमोली में 16 जून से 19 जून 2026 तक विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय प्रचार-प्रसार एवं जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की जाएगी। शिविरों का आयोजन विकसित भारत अभियान के अंतर्गत किया जा रहा है।

शिविरों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला कल्याण, पर्यटन, जल संस्थान, जल निगम, ग्रामीण विकास, पंचायती राज सहित विभिन्न विभाग प्रतिभाग करेंगे। विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री, बैनर एवं स्टॉल लगाकर नागरिकों को जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

जनपद के विकासखंडों में शिविरों का आयोजन निम्नानुसार किया जाएगा—

16 जून : दशोली एवं नन्दानगर
17 जून : गैरसैंण, कर्णप्रयाग एवं पोखरी
18 जून : नारायणबगड़, थराली एवं देवाल
19 जून : ज्योतिर्मठ

सभी शिविर संबंधित विकासखंड कार्यालय परिसरों में प्रातः 11 बजे से आयोजित होंगे।

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *