चौकी इंचार्ज ग्वालदम लक्ष्मण सिंह ने दिखाई तत्परता, कर्णप्रयाग पुलिस ने नदी में कूदने जा रही महिला को बचाया

Oplus_16908288

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली/गिरीश चंदोला।

चमोली पुलिस की सतर्कता, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक महिला की जान बच गई। थाना थराली क्षेत्र की एक महिला, जो बीते एक दिन से घर से लापता थी, उसे पुलिस ने पिंडर नदी किनारे से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार, थाना थराली क्षेत्र की एक महिला 11 जून को बिना बताए घर से कहीं चली गई थी। जिसकी जानकारी ग्वालदम चौकी इंचार्ज लक्ष्मण सिंह ने कोतवाली कर्णप्रयाग को दी।

और गुरुवार को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी। इस दौरान महिला का व्हाट्सएप एक अन्य मोबाइल फोन में लॉगिन होने के कारण परिजनों को ऐसे संदेश प्राप्त हुए, जिनमें नदी में कूदकर आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला की मदद से महिला की मोबाइल लोकेशन का लगातार ट्रैक किया गया। वहीं दूसरी ओर पुलिस टीमों ने संभावित क्षेत्रों में व्यापक खोज अभियान चलाया, वाहनों की सघन चेकिंग की तथा नदी किनारों पर भी तलाश शुरू कर दी।

लगातार प्रयासों के बाद महिला की लोकेशन सिमली क्षेत्र के पड़ूली गांव के नीचे पिंडर नदी किनारे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला अकेले बैठी रो रही थी और गहरे मानसिक तनाव में दिखाई दी। स्थिति को भांपते हुए पुलिस कर्मियों ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ महिला से संवाद स्थापित किया। काफी देर तक समझाइश और काउंसलिंग के बाद महिला को सुरक्षित स्थान पर लाया गया।
पुलिस के सकारात्मक प्रयासों का असर हुआ और महिला ने आत्मघाती कदम उठाने का इरादा छोड़ दिया। इसके बाद उसे सुरक्षित कोतवाली कर्णप्रयाग लाया गया, जहां आवश्यक काउंसलिंग के उपरांत थाना थराली पुलिस एवं परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस पूरे घटनाक्रम में चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की जा रही है, जिसने समय रहते एक संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया।
रेस्क्यू एवं खोज अभियान में शामिल पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय नेगी, अपर उपनिरीक्षक हरेंद्र गुसाईं, कांस्टेबल मनवीर नेगी, कांस्टेबल अवतार और कांस्टेबल सुरेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *