चंद्रकला तिवारी बनीं राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष, जिले में खुशी की लहर

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर/गिरीश चंदोला।

उत्तराखंड सरकार द्वारा विभिन्न दायित्वधारियों की सूची जारी किए जाने के बाद चमोली जनपद को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। गोपेश्वर निवासी भाजपा की वरिष्ठ नेत्री चंद्रकला तिवारी को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

चंद्रकला तिवारी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उन्होंने महिला मोर्चा सहित संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और मातृशक्ति को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए यह जिम्मेदारी दिए जाने को उनकी वर्षों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

चंद्रकला तिवारी पूर्व में भाजपा महिला मोर्चा की गढ़वाल संयोजक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं। उनकी नियुक्ति पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे चमोली जनपद के लिए गौरव का विषय बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि चंद्रकला तिवारी की नियुक्ति महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वहीं जनपद चमोली में भी इस नियुक्ति को महिला नेतृत्व को मिले सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *