ब्रेकिंग: पीपलकोटी के पास भनेरपानी में पहाड़ी से यात्री बस के ऊपर गिरे पत्थर, 01 महिला यात्री की मौत, 2 गंभीर घायल

​बदलता गढ़वाल न्यूज,
पीपलकोटी(गोपेश्वर)।

शुक्रवार को दोपहर बाद जनपद में हुई तेज मूसलाधार बारिश के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर कुदरत का कहर टूटा है। वही देर शाम पीपलकोटी के पास भनेरपानी में पहाड़ी से अचानक दरके मलबे और भारी पत्थरों की चपेट में एक सड़क हादसा हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में सेंमलडाला विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही हादसे के बाद चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि भनेरपानी में लगातार पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है, जिसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से चारधाम यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।

प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, गौचर, कर्णप्रयाग, चमोली, पीपलकोठी, जोशीमठ, पांडुकेश्वर और गोविंदघाट जैसे प्रमुख पड़ावों पर तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। आपदा कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस प्रशासन युद्धस्तर पर मार्ग को साफ करने में जुटा है और कल सुबह तक यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है; साथ ही पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम और रास्ते के साफ होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *