चारधाम श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, लापरवाही पर दो सुरक्षा मित्र कार्यमुक्त*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
जोशीमठ।

चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों एवं पर्यटकों को बेहतर सहायता और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविन्द गौड़ ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में तैनात दो पीआरडी स्वयंसेवकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।

चारधाम यात्रा के अंतर्गत पांडुकेश्वर में तैनात “पर्यटक सहायता एवं सुरक्षा मित्र” के रूप में कार्यरत दो पीआरडी स्वयंसेवकों को यात्रियों एवं पर्यटकों की सहायता तथा सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि संबंधित स्वयंसेवकों द्वारा अपने दायित्वों का निर्वहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया गया तथा ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरती गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी को दोनों स्वयंसेवकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ करने के साथ ही उनकी जगह अन्य दो पीआरडी स्वयंसेवकों की तैनाती की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन लगातार निगरानी एवं समीक्षा कर रहा है, ताकि यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *