जोशीमठ के पास पैनी में टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला तीर्थयात्री की मौत, 16 घायल
बदलता गढ़वाल न्यूज,
जोशीमठ।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के निकट पैनी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम की यात्रा पर निकला टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार सुबह पैनी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। हादसे में गाजियाबाद निवासी महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही वाहनों की आवाजाही के बीच यह हादसा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से पर्वतीय मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।