पोखरी के नेल-सिदेली में भालू का हमला, एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर घायल।

बदलता गढ़वाल न्यूज
पोखरी(चमोली)।

जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी के ग्राम नेल-सिदेली में शुक्रवार सुबह भालू ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया। भालू के हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे भालू ने महिलाओं पर हमला किया। हमले के दौरान एक महिला चट्टान से नीचे गिर गई। घटना में विमला देवी पत्नी चंद्रशेखर नेगी(55 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई, जबकि लक्ष्मी देवी पत्नी गजेंद्र नेगी (42 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

डॉ. शनि चौधरी ने बताया कि भालू के हमले से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया है।

मृतका के शव के पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों की टीम पोखरी पहुंच रही है। वहीं, घायल महिला को श्रीनगर ले जाने के लिए एंबुलेंस से भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर परिजन और स्थानीय लोग पहुंचे। तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी तथा वन विभाग के दारोगा मोहन बर्त्वाल भी मौके पर मौजूद रहे।

सूत्रों के अनुसार डीएफओ रजत सुमन और एसडीओ मोहन सिंह भी पोखरी अस्पताल पहुंच रहे हैं। वन विभाग की एक टीम घायल महिला के साथ श्रीनगर अस्पताल गई है, जहां घायल के उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में भालू की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed