नंदा की विदाई से पहले वाण में विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

बदलता गढ़वाल न्यूज।
थराली/गिरीश चंदोला।

मां नंदा देवी की कैलाश विदाई से पहले सिद्धपीठ वाण स्थित लाटू धाम में गुरुवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित भंडारे में यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर और पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन 16 सितंबर था

भंडारे का आयोजन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा की ओर से किया गया। मां नंदा की कैलाश विदाई से पहले वाण पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए भोजन और प्रसाद की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद श्रद्धालु मां नंदा की डोली के साथ कैलाश की ओर रवाना हुए।

इस दौरान विधायक भूपाल राम टम्टा ने श्रद्धालुओं की सेवा में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि मां नंदा की यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य का अवसर है। उन्होंने भंडारे के आयोजन में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

*आस्था के साथ सेवा का संदेश*

मां नंदा की विदाई से पहले वाण में आयोजित भंडारे में यात्रा की धार्मिक परंपरा के साथ श्रद्धालुओं की सेवा भी देखने को मिली। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। भंडारे के बाद मां नंदा की डोली के साथ श्रद्धालु कैलाश की ओर आगे बढ़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *