कर्णप्रयाग, पोखरी और गैरसैंण में आयोजित हुए बहुउद्देशीय शिविर*
*विभागों ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की दी जानकारी*
बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को चमोली के कर्णप्रयाग, पोखरी एवं विकासखंड गैरसैंण में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान जनपद के विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगार ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र ग्रामीणों को योजना से जोड़ने के लिए आवेदन पत्र भी वितरित किए गए।
जनपद के पोखरी विकासखण्ड में आयोजित शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य श्री वीरेन्द्र राणा तथा गैरसैंण में सांसद प्रतिनिधि श्री पृथ्वी सिंह ने किया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजना के आवेदन की प्रक्रिया और पात्रता की भी जानकारी प्रदान की गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने बताया कि पोखरी में आयोजित शिविर में क्षेत्र के 247 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। जिनमें से विभिन्न विभागों को अलग-अलग योजनाओं के लिए 186 आवेदन प्राप्त हुए। जिनका विभागों की ओर से मौके पर ही निस्तारण किया गया।
गैरसैंण में आयोजित शिविर में 187 प्रतिभागियों में से 45 ग्रामीणों की ओर आवेदन किया गया। जिनमें से 22 आवेदनों को मौके पर निस्तारण किया गया। जबकि शेष के निस्तारण के लिए कार्रवाई की जा रही है।
वहीं कर्णप्रयाग में आयोजित शिविर में 180 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर 55 की ओर से आवेदन किया गया। यहां प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष 33 का मौके पर निस्तारण कर अन्य को निस्तारण हेतु अग्रसारित किया गया है। शिविर में कृषि व उद्यान विभाग की ओर से ग्रामीणों को कृषि यंत्र व अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।