देवाल कौथिग समेत तीन मेले राजकीय घोषित, विधायक भूपाल राम टम्टा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली/देवाल।
थराली विधानसभा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र के तीन प्रमुख मेलों को राजकीय मेला घोषित कर दिया गया है। इनमें प्राचीन देवाल कौथिग, देवाल विकासखंड का पूर्व विधायक स्व. शेर सिंह दानू स्मृति मेला लोहाजंग और नंदानगर विकासखंड का बेरासकुंड मेला शामिल है। मेलों को राजकीय दर्जा मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी है।
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने तीनों मेलों को राजकीय मेला घोषित किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और मेलों को नई पहचान मिलेगी।
देवाल कौथिग और लोहाजंग मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने पर देवाल विकासखंड कार्यालय में आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक भूपाल राम टम्टा का माल्यार्पण कर स्वागत किया। लोगों ने कहा कि विधायक के प्रयासों से एक साथ देवाल ब्लॉक के दो प्रमुख मेलों को राजकीय दर्जा मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
वक्ताओं ने कहा कि देवाल कौथिग क्षेत्र की प्राचीन लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा आयोजन है। इसे राजकीय मेला घोषित किए जाने से मेले को व्यापक पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय कलाकारों, संस्कृति और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि सरकार की ओर से क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राजकीय दर्जा मिलने से इन मेलों का स्वरूप और अधिक व्यवस्थित एवं व्यापक हो सकेगा।
कार्यक्रम में देवाल ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, देवाल कौथिग मेला समिति अध्यक्ष लखन रावत, पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, गणेश मिश्रा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदा देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।