सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पहली मंजिल पर आराम फरमा रहा कुत्ता

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली/गिरीश चंदोला।

चमोली जनपद के थराली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को अस्पताल परिसर के भीतर पहली मंजिल पर एक कुत्ता आराम करता हुआ दिखाई देने से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए।

यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां दूर-दराज के क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं
अस्पताल पहुंचे मरीजों और तीमारदारों ने जब पहली मंजिल पर कुत्ते को बैठे देखा तो वे हैरान रह गए। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर जानवर की मौजूदगी को लेकर लोगों ने साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में संक्रमण रोकने और स्वच्छता बनाए रखने की विशेष जिम्मेदारी होती है, ऐसे में परिसर के भीतर जानवर का पहुंचना गंभीर लापरवाही का मामला है।

सूत्रों के अनुसार कुत्ता अस्पताल के किसी कर्मचारी का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि ऐसा है तो यह भी जांच का विषय है कि अस्पताल परिसर में कुत्ते के प्रवेश की अनुमति कैसे मिली और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चमोली डॉ. अभिषेक गुप्ता ने कहा कि अस्पताल के अंदर कुत्ता कैसे पहुंचा, इसकी जांच कराई जाएगी। अस्पताल प्रबंधन से पूरे मामले में स्पष्टीकरण लिया जाएगा तथा यह भी पता लगाया जाएगा कि कुत्ता किसका है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में किसी भी जानवर का प्रवेश चिंता का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *