आस्था पर हाथ डालने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, चमोली पुलिस ने मंदिर चोरी का मात्र 04 घंटे में किया सफल खुलासा

चोरी किया गया चांदी का छत्र एवं अंगूठी शत-प्रतिशत बरामद, आरोपी गिरफ्तार

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

बुधवार को कोतवाली चमोली में सूचना प्राप्त हुई कि 21 जुलाई की रात में ग्राम खैनुरी स्थित भूमियाल देवता मंदिर से अज्ञात चोर द्वारा चांदी का छत्र एवं चांदी की अंगूठी चोरी कर ली गई है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹55,000 बताई गई। सूचना के आधार पर कोतवाली चमोली में मु0अ0सं0-17/2026, धारा 305(D), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने तत्काल घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चमोली राकेश भट्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 04 घंटे के भीतर घटना का सफल अनावरण कर अभियुक्त लखपत सिंह पुत्र भगत सिंह, निवासी ग्राम खैनुरी, थाना एवं जनपद चमोली उम्र -35 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी गया चांदी का छत्र एवं चांदी की अंगूठी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed