देवाल में गूंजा भारत माता का जयघोष, विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली।

विकासखंड देवाल मुख्यालय में गुरुवार को देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। स्कूली बच्चों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर निकले छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरे बाजार को गुंजायमान कर दिया।

तिरंगा यात्रा में राजकीय इंटर कॉलेज देवाल, कन्या हाईस्कूल देवाल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर, विद्या मंदिर, गुरुवार रामराय और हिमालयन पब्लिक स्कूल देवाल के छात्र-छात्राओं के साथ ही भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी लोग देवाल टैक्सी स्टैंड पर एकत्र हुए, जहां से विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत और भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा के नेतृत्व में यात्रा शुरू हुई।

ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति के नारों के बीच निकली यात्रा अर्पण मार्केट, मुख्य बाजार और एसबीआई बाजार से होते हुए बाजार के अंतिम छोर तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के शामिल होने से पूरा देवाल बाजार तिरंगामय नजर आया। बच्चे और कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।

इस अवसर पर विधायक भूपाल राम टम्टा और ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने तिरंगा यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं और बच्चों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देते हैं।

विधायक ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नंदा देवी, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र बिष्ट, लखन रावत, गणेश मिश्रा, गोविंद सोनी, मोहन बिष्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा, सुबोध फर्स्वाण, जीतेंद्र बिष्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष धीरेंद्र बिष्ट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सूरज खत्री समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *