आपदा प्रबंधन विभाग का कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय, आपात स्थिति में तत्काल करें संपर्क
बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।
जनपद में मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा के पूर्वानुमान को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसी भी संभावित आपदा से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन विभाग का कंट्रोल रूम पूर्ण रूप से सक्रिय कर दिया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि कंट्रोल रूम 24 घंटे एवं सप्ताह के सातों दिन निरंतर संचालित रहेगा। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य बिना विलंब के शुरू किए जा सकें।
बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने, जलभराव, मकान क्षति अथवा अन्य किसी भी आपदा संबंधी घटना की सूचना नागरिक तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर *9068187120* एवं *7055753124* पर दे सकते हैं। सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभागों एवं राहत-बचाव दलों को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों के समीप न जाएं तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। किसी भी आपात स्थिति में बिना देर किए कंट्रोल रूम से संपर्क कर प्रशासन का सहयोग करें।