भारत-तिब्बत सीमा के देवताल एवं इन्द्रकुर्सी क्षेत्र का भ्रमण, जिला पंचायत अध्यक्ष ने जवानों का बढ़ाया हौसला

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर, 30 जुलाई।

जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट ने गुरुवार को भारत-तिब्बत सीमा से जुड़े अति दुर्गम एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण देवताल और इन्द्रकुर्सी क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात भारतीय जवानों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा सीमांत क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि विषम भौगोलिक एवं मौसमीय परिस्थितियों में राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे सीमांत प्रहरी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जवानों के अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना को नमन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

दौलत सिंह बिष्ट ने पवित्र देवताल में जनपद चमोली, उत्तराखंड तथा देश की सुख-समृद्धि, शांति, सुरक्षा और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास और वहां निवास करने वाले लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ संतुलित विकास के लिए भी आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्व को संरक्षित रखते हुए इनके समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों का भी अवलोकन किया तथा सीमांत क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *