नंदाजात को लेकर पुलिस अलर्ट, एक जोन और चार सेक्टरों में बांटा यात्रा मार्ग

एसपी ने चेपड़ो मैदान में पुलिसकर्मियों को किया ब्रीफ,

एसडीआरएफ और पर्वतारोही पुलिस दल भी तैनात

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली/गिरीश चंदोला।

नंदा देवी की लोकजात और बड़ी जात यात्रा को लेकर चमोली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। यात्रा मार्ग की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और बारिश के मौसम को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने शुक्रवार को चेपड़ो मैदान में पुलिसकर्मियों को ब्रीफ कर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को एक जोन और चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके अलावा यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ के जवानों के साथ पूर्व में नंदा यात्रा में ड्यूटी कर चुके पुलिसकर्मियों की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। दुर्गम और चुनौतीपूर्ण रास्तों को देखते हुए पर्वतारोही पुलिस दल की भी तैनाती की गई है।

एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर मौसम और रास्ते की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कई स्थानों पर पैदल रास्ते फिसलन भरे और चुनौतीपूर्ण हो जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मां नंदा की जात यात्रा आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है और इसकी अपनी विशेष संवेदनशीलता है। वर्तमान में बारिश के साथ यात्रा मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियां भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं। कई जगह दुर्गम पैदल रास्ते, कठिन चढ़ाई-उतराई और फिसलन की स्थिति है। ऐसे में पुलिस की प्राथमिकता यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

एसपी ने कहा कि मौसम और मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का प्रयास है कि यात्रा में शामिल श्रद्धालु कठिन रास्तों को सुरक्षित पार कर सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *