जिला चिकित्सालय गोपेश्वर की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर*

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय गोपेश्वर की संचालक मंडल चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई।

बदलता गढ़वाल न्यूज ल,
गोपेश्वर।

बैठक में चिकित्सालय की वित्तीय स्थिति, आय-व्यय, विकास कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान चिकित्सालय में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, मानव संसाधन की उपलब्धता, दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की आपूर्ति, धुलाई व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में चिकित्सालय प्रबंधन समिति को विभिन्न स्रोतों से कुल 2 करोड़ 31 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई। बैठक में कायाकल्प योजना, एनक्यूएएस, लक्ष्य प्रमाणीकरण, सीएचएम तथा आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्राप्त एवं व्यय की गई धनराशि का विवरण भी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

जिलाधिकारी श्री कुमार ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों का पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर सुदृढ़ीकरण के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 3 करोड़ 14 लाख 10 हजार रुपये के प्रस्तावित बजट पर विचार-विमर्श किया गया। प्रस्तावित बजट में चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई व्यवस्था, उपकरणों के रखरखाव, संसाधनों की खरीद, कार्यालय संचालन, औषधि क्रय तथा मरम्मत कार्यों से संबंधित विभिन्न प्रावधान शामिल किए गए हैं।

संचालक मंडल के समक्ष दैनिक संविदा आधारित आवश्यक सेवाओं के संचालन, तकनीकी कार्मिकों की उपलब्धता, ऑक्सीजन प्लांट के सुचारु संचालन, मरीजों की सुविधा हेतु आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था तथा अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव भी रखे गए, जिन पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।

बैठक में जिला चिकित्सालय की सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुगम एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, सीएमओ डॉ अभिषेक गुप्ता, सीएमएस डॉ अनुराग धनिक, मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहां सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *