एकल अभियान राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम, आचार्य गांवों में सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत : अतुल शाह

oplus_136314880

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर(चमोली)।

एकल अभियान अंचल गोपेश्वर (संच पीपलकोटी व मंडल द्वारा नगर पालिका भवन, चमोली में आयोजित पांच दिवसीय आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ गुरुवार को दीप प्रज्ज्वलन एवं दीप मंत्र के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित उत्तराखंड संभाग सदस्य, अंचल कर्णप्रयाग प्रभारी एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संयोजक (व्यवसाय प्रकोष्ठ) अतुल शाह ने कहा कि एकल अभियान केवल शिक्षा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है। आचार्य गांव-गांव में शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन और सामाजिक जागरण की अलख जगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आचार्य अपने विद्यालय को सेवा, संस्कार और संगठन का केंद्र बनाकर बच्चों के साथ पूरे समाज को जोड़ने का कार्य करे।

उन्होंने आचार्य बहनों का आह्वान करते हुए कहा कि वे विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, संस्कार निर्माण, अभिभावकों से नियमित संवाद तथा समाज की सहभागिता को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि एकल अभियान के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा और सामाजिक चेतना पहुंच रही है, जो विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला है।

मुख्य अतिथि जिला प्रचारक मिथिलेश जी ने संगठन की कार्यपद्धति एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि एकल अभियान सेवा, शिक्षा और संगठन के समन्वय से समाज के दूरस्थ क्षेत्रों में परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बना है। उन्होंने अभ्यास वर्ग के सफल संचालन के लिए सभी आचार्यों एवं कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता अंकित जी ने कहा कि एकल विद्यालय ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी आचार्य बहनों के समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल सचिव हरिप्रसाद ममगाई ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभ्यास वर्ग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अंचल अभियान प्रमुख एवं संगठन मंत्री रश्मि नेगी ने किया।
इस अवसर पर मोहित, जय सिंह रावत, रेखा, प्रमिला, दीपा, सरोजनी, आरती सहित बड़ी संख्या में आचार्य बहनें एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed