मलबे में फंसा वाहन, थराली-वाण मोटर मार्ग पर आवाजाही ठप

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली।

चमोली जनपद के देवाल विकासखंड में बारिश के चलते थराली-वाण मोटर मार्ग पर गमरी गाड़ के पास भारी मात्रा में मलबा आ गया। मलबे और पानी के तेज बहाव के बीच एक वाहन फंस गया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लगातार हो रहे भूस्खलन से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क पर बार-बार मलबा आने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

मामला चमोली जनपद के देवाल विकासखंड का है, जहां थराली-वाण मोटर मार्ग पर सुबह गमरी गाड़ नामक स्थान पर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने से एक वाहन फंस गया। अचानक सड़क पर मलबा और पानी आने से यातायात ठप हो गया, जिससे राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि इस स्थान पर लगातार भूस्खलन होने के कारण मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है। बारिश होते ही पहाड़ी से मलबा और पानी सड़क पर आ जाता है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है।

यह मोटर मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधीन है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में परेशानी बनी हुई है। मार्ग बंद होने से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ इस सड़क से गुजरने वाले यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कब ठोस कदम उठाएगा? क्या लोगों को हर बारिश में सड़क बंद होने की समस्या से यूं ही जूझना पड़ेगा, या फिर विभाग समय रहते कोई प्रभावी कदम उठाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *