*हरेला महोत्सव-2026: “हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत चमोली में 85 हजार से अधिक पौधों का होगा रोपण*

*जिलाधिकारी गौरव कुमार ने किया पौधरोपण, संरक्षण पर दिया विशेष जोर*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर(चमोली)।

हरेला के पावन अवसर पर जनपद चमोली में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित पॉलिटेक्निक परिसर के समीप आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने “अनार” का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न क्षेत्रों के सरपंचों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

“हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि जनपद में हरेला के अवसर पर विभिन्न विभागों के समन्वय एवं व्यापक जनभागीदारी से 85 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को पौधों की सर्वाइवल (जीवित रहने) दर बढ़ाने के लिए नियमित निगरानी और आवश्यक संरक्षण उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विशेष रूप से फलदार पौधों के अधिकाधिक रोपण पर जोर दिया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वन क्षेत्रों में जैव विविधता और वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक खाद्य संसाधनों में भी वृद्धि हो सके। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, प्रभागीय वनाधिकारी सर्वेश कुमार, परियोजना निदेशक आनंद कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंच तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed