आस्था का सैलाब: थराली पहुंची मां नंदा की लोकजात यात्रा, जयकारों से गूंजा क्षेत्र

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात, जगह-जगह भंडारे लगे

बदलता गढ़वाल न्यूज।
थराली/गिरीश चंदोला।

सिद्धपीठ कुरुड़ से वेदनी के लिए निकली मां नंदा की ऐतिहासिक लोकजात यात्रा शुक्रवार को थराली पहुंची। मां नंदा की डोली के पहुंचते ही थराली क्षेत्र नंदा के जयकारों से गूंज उठा। डोली के दर्शन और आशीर्वाद के लिए यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यात्रा मार्ग के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया है।

गुरुवार को अमावस्या के दिन यात्रा का रात्रि पड़ाव सूना गांव में रहा। यहां मां नंदा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। शुक्रवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद मां नंदा की डोली अगले पड़ाव थराली के लिए रवाना हुई। थराली गांव पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने डोली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और मां नंदा के जयकारे लगाए।

मां नंदा की डोली के साथ श्रद्धालुओं का कारवां कोटडीप, थराली बाजार, केदारबगड़ और राड़ीबगड़ होते हुए चेपड़ो पहुंचा। यहां यात्रा का रात्रि पड़ाव रहा। डोली के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरे यात्रा मार्ग पर आस्था का माहौल बना रहा।

इस बार बड़ी जात और लोकजात को लेकर लोगों में भले ही कुछ भ्रम की स्थिति बनी हुई है, लेकिन मां नंदा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई दे रही है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।

*जगह-जगह ग्रामीण और श्रद्धालु मां नंदा की डोली का स्वागत कर रहे हैं।*
चेपड़ो पहुंचने पर मां नंदा के पश्वा पर देवी अवतरित हुईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने देवी का आशीर्वाद लिया। भक्तों ने नए फल, पुष्प और भेंटोली मां नंदा को अर्पित कर अपनी मनौतियां मांगीं। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर नंदा भक्तों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।

*श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर पुलिस की नजर*

यात्रा में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यात्रा मार्ग के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *