खरगे की रैली के बाद मंच शुद्धिकरण पर सियासत गरमाई, विधायक बोले- कांग्रेस खेल रही जातिवाद का कार्ड
Oplus_16908288
बदलता गढ़वाल न्यूज
थराली/गिरीश चंदोला।
कांग्रेस के दलित अपमान के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, भूपालराम टम्टा ने कहा- चुनाव नजदीक आते ही मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही कांग्रेस
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस जहां मंच के शुद्धिकरण को दलितों के अपमान से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साध रही है, वहीं भाजपा ने भी कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है।
थराली से भाजपा विधायक भूपालराम टम्टा ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पर जातिवाद का कार्ड खेलने का आरोप लगाया।
विधायक ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस इस मामले को जातीय रंग देकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ही सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। समाज के हर वर्ग का भरोसा भाजपा पर है और केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव की पक्षधर नहीं है। कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को उन्होंने राजनीतिक बताया। विधायक ने कहा कि कांग्रेस को विकास और जनहित के मुद्दों पर जनता के बीच जाना चाहिए, न कि जातीय भावनाओं को भड़काकर राजनीति करनी चाहिए।
*क्या है पूरा मामला*
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के मंच के शुद्धिकरण को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। कांग्रेस ने इसे दलित समाज के अपमान से जोड़ते हुए भाजपा पर हमला बोला। इसके बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए पलटवार शुरू कर दिया।
जातिसूचक टिप्पणी का भी उठा मुद्दा
प्रेसवार्ता के दौरान जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और इस मामले को लेकर दर्ज मुकदमे का मुद्दा भी सामने आया। विधायक ने कांग्रेस पर पूरे मामले को राजनीतिक रूप देने का आरोप लगाते हुए कहा कि तथ्यों के बजाय जातीय भावनाओं के सहारे राजनीति की जा रही है।
भाजपा विधायक ने कहा कि समाज को बांटने के बजाय राजनीतिक दलों को विकास और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को ‘विक्टिम कार्ड’ की राजनीति करार देते हुए कहा कि जनता अब इस तरह की राजनीति को समझ चुकी है।