रक्षाबंधन पर श्री रुद्रनाथ धाम में गूंजा अखंड रामायण पाठ, तीन दिवसीय विशाल भंडारे का आयोजन

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पंच केदार श्री रुद्रनाथ धाम में परम पूज्य स्मृति शेष स्वामी सुरेशानंद सरस्वती महाराज की प्रेरणा से रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अखंड रामायण पाठ एवं तीन दिवसीय विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में जोशीमठ विकासखंड, दसौली विकासखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों ने रामायण पाठ में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

रक्षाबंधन के अवसर पर इस वर्ष श्री रुद्रनाथ धाम में ग्राम पंचायत बैमरू के वजीर देवता के निशान का पहुंचना और भगवान शिव से उनका मिलन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मान्यता के अनुसार यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ निभाई जा रही है।

श्री रुद्रनाथ धाम के पुजारी द्वारा श्रद्धालुओं को पवित्र ब्रह्मकमल पुष्प एवं प्रसाद वितरित किया गया। ब्रह्मकमल के दर्शन एवं प्रसाद प्राप्त कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
श्री रुद्रनाथ भंडारा समिति के संयोजक दीपक रावत एवं रजनीश बजवाल ने बताया कि अखंड रामायण पाठ एवं तीन दिवसीय भंडारे का आयोजन क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

वहीं क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता एवं नामित सभासद सत्येंद्र रावत ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं देवकार्य विश्व शांति, सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारे का अद्भुत संगम हैं। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों में निरंतर बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान श्री रुद्रनाथ धाम में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान रुद्रनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed