पंती गधेरे में अवैध खनन पर कार्रवाई, जेसीबी और ट्रैक्टर सीज; ओवरलोड डंपर का चालान
बदलता गढ़वाल न्यूज,
नारायणबगड़।
विकासखंड नारायणबगड़ के पंती गधेरे में कथित अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला की शिकायत पर तहसीलदार नारायणबगड़ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर खनन कार्य में लगी एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया। वहीं, विनायक स्टोन क्रेशर से खनन सामग्री लेकर जा रहे एक डंपर में रवन्ने में दर्ज मात्रा से अधिक सामग्री पाए जाने पर ओवरलोडिंग में चालानी कार्रवाई की गई।
ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने इस मामले में उपजिलाधिकारी थराली को शिकायती पत्र भेजकर विस्तृत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विनायक में स्थापित स्टोन क्रेशर से जुड़े खनन कार्य के चलते पंती गधेरे में अवैध खनन किया जा रहा है। साथ ही खनन सामग्री से लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से पंती-हंसकोटी सड़क को भी नुकसान पहुंच रहा है।
ब्लॉक प्रमुख का कहना है कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद संबंधित कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल की ओर से इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पंती गधेरे में अवैध खनन की जांच कराने के साथ ही सड़क को नुकसान पहुंचाने वाले भारी वाहनों और संबंधित स्टोन क्रेशर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
*शिकायत पर पहुंची प्रशासन की टीम*
तहसीलदार नारायणबगड़ राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख की शिकायत प्राप्त होने के बाद मौके पर जांच की गई। जांच के दौरान खनन कार्य में लगी एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को सीज किया गया। इसके अलावा विनायक स्टोन क्रेशर से खनन सामग्री लेकर आ रहे एक डंपर में रवन्ने के मुकाबले अधिक सामग्री पाए जाने पर ओवरलोडिंग में चालानी कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर उपजिलाधिकारी थराली को भेज दी गई है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने भी पंती गधेरे में खनन गतिविधियों की जांच और सड़क को हो रहे नुकसान पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।