देवराड़ा सिद्धपीठ तक स्वीकृत सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग, लोनिवि को सौंपा ज्ञापन
बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली/गिरीश चंदोला।
विकासखंड थराली के अंतर्गत नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा तक स्वीकृत मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा को ज्ञापन सौंपा।
नगर पंचायत थराली के सभासद तेजपाल सिंह गुसाईं, अब्बल सिंह गुसाईं और केदार पंत ने अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर बताया कि ग्वालदम-सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग के धारी तोक से नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा मंदिर तक 2.5 किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण 15 दिसंबर 2021 को राज्य योजना के तहत स्वीकृत हुआ था। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
ज्ञापन में कहा गया कि विभाग की ओर से सड़क का साइट चयन कर जंबो पिलर भी लगाए जा चुके हैं, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि नंदादेवी की उत्सव डोली वर्ष में छह माह तक देवराड़ा मंदिर में प्रवास करती है। इस दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर तक मोटर मार्ग का निर्माण न केवल स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए, बल्कि धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की आवाजाही के दृष्टिगत भी आवश्यक है।
शिष्टमंडल ने विभाग से स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य बिना विलंब शुरू कराने की मांग की। इस पर अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।