दुःखद समाचार: मोबाइल चलाने पर डांट से नाराज किशोरी ने उठाया आत्मघाती कदम, क्षेत्र में शोक की लहर।
बदलता गढ़वाल न्यूज,
नारायणबगड़/चमोली।
नारायणबगड़ विकासखंड के एक गांव में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घर वालों द्वारा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग को लेकर डांटे जाने से नाराज एक किशोरी ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी को परिजनों ने मोबाइल चलाने को लेकर समझाया और डांट-फटकार लगाई थी, इससे नाराज होकर उसने घर के भीतर फांसी लगा ली, जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ पहुंचाया,लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन डिमरी ने बताया कि किशोरी को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सोमवार रात को शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी।
मंगलवार को उपनिरीक्षक संदीप देवरानी ने पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया गया।
इस दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है, स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अभिभावकों और युवाओं के बीच संवाद एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।