थराली बाजार में बेलगाम खनन वाहनों का दबाव, बड़े हादसे का इंतजार?

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली/गिरीश चंदोला।

चमोली जिले के थराली बाजार में उपखनिज से लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। मुख्य बाजार और पुल से एक साथ कई भारी डंपरों के गुजरने से राहगीरों, व्यापारियों और वाहन चालकों में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग और प्रशासन इस स्थिति पर अब तक मौन क्यों हैं?

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो महीनों से चेपड़ो गांव के समीप पिंडर नदी में रिवर ड्रेजिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके चलते दिनभर उपखनिज से भरे डंपर थराली बाजार से गुजर रहे हैं। कई बार एक साथ पांच से छह भारी वाहन मुख्य पुल से निकलते हैं, जिससे पुल की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

व्यापारियों का आरोप है कि डंपरों से उड़ने वाली धूल के कारण फल, सब्जियां, कपड़े और अन्य खाद्य सामग्री प्रभावित हो रही है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है और हर समय किसी बड़े हादसे का डर बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मांग की है कि भारी वाहनों के लिए समय निर्धारित किया जाए, एक साथ कई डंपरों की आवाजाही पर रोक लगे तथा पुल की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कब तक ठोस कदम उठाते हैं, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *