मानसून से पूर्व तैयारियां पूरी करें, आपदा प्रबंधन में न बरती जाए कोई ढिलाई: जिलाधिकारी*
बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।
मानसून अवधि के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा विभागीय तैयारियों की समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को मानसून से पूर्व आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आपदा प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान जनजीवन को प्रभावित करने वाली संभावित समस्याओं की पूर्व पहचान कर उनके प्रभावी समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त सड़क एजेंसियों, नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को नालों और जल निकासी तंत्र की व्यापक सफाई, झाड़ियों के कटान तथा जलभराव संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में सिंचाई विभाग को सिल्टेशन प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर आवश्यकतानुसार नियमानुसार ड्रेजिंग एवं चैनलाइजेशन कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया। साथ ही संभावित खतरे वाले स्थलों का चिन्हीकरण कर जल प्रवाह में अवरोध उत्पन्न करने वाली संरचनाओं को हटाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी सड़क एजेंसियों को मानसून के दौरान मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति से निपटने के लिए जेसीबी मशीनों एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने वैकल्पिक मार्गों का चयन, आवश्यक मरम्मत कार्य तथा मार्गों पर साइनज लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि आपात स्थिति में यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
उन्होंने पूर्ति विभाग को आपदा की स्थिति में राहत कार्यों के लिए आवश्यक खाद्यान्न एवं अन्य राहत सामग्री का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में आपदा शेल्टरों की पहचान कर उनकी उपयोगिता एवं आवश्यक सुविधाओं का परीक्षण करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) का गठन कर उनकी सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं खतरे वाले स्थलों पर लोगों द्वारा सेल्फी लेने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों को रोकने के लिए संबंधित को विशेष अभियान चलाने तथा चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, चिकित्सा उपकरणों एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर रोगियों, दिव्यांगजनों एवं अन्य संवेदनशील व्यक्तियों का चिन्हीकरण कर उनके लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।