पेट्रोल-डीजल महंगा, थराली-देहरादून किराया भी बढ़ा; किसने तय किए नए रेट

Oplus_16908288

बदलता गढ़वाल न्यूज,
चमोली

चमोली पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब पहाड़ के परिवहन पर भी दिखाई देने लगा है। चमोली जिले के थराली क्षेत्र से देहरादून जाने वाले यात्रियों को अब पहले की तुलना में अधिक किराया देना पड़ रहा है। थराली से देहरादून का किराया जहां पहले करीब 1000 रुपये लिया जा रहा था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 1200 रुपये कर दिया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या यह किराया क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) द्वारा निर्धारित किया गया है या फिर वाहन संचालकों ने अपने स्तर पर किराया बढ़ाया है।

जानकारी के अनुसार थराली से देहरादून के बीच संचालित कमर्शियल वाहनों का किराया हाल ही में 200 रुपये बढ़ा दिया गया है। सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप समूहों में नए किराये की सूची भी साझा की जा रही है। हालांकि अभी तक आरटीओ या परिवहन विभाग की ओर से किराया बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक आदेश अथवा सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरोना महामारी से पहले थराली से देहरादून का किराया लगभग 600 रुपये था। कोरोना काल के दौरान इसे बढ़ाकर 800 रुपये किया गया और बाद में यह 1000 रुपये तक पहुंच गया। अब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद किराया 1200 रुपये प्रति यात्री कर दिया गया है।

यात्रियों का कहना है कि यदि किराया बढ़ाया गया है तो इसकी स्पष्ट जानकारी और आधिकारिक आदेश सार्वजनिक किए जाने चाहिए। वहीं परिवहन नियमों के अनुसार सार्वजनिक परिवहन वाहनों के किराये का निर्धारण संबंधित प्राधिकरण की स्वीकृति और नियमों के तहत किया जाना चाहिए।

क्या आरटीओ ने थराली-देहरादून मार्ग का नया किराया स्वीकृत किया है?
यदि नहीं, तो क्या वाहन संचालकों द्वारा मनमाने ढंग से किराया बढ़ाया गया है?
यात्रियों के हितों की रक्षा के लिए परिवहन विभाग क्या कदम उठाएगा

अब निगाहें आरटीओ और परिवहन विभाग पर टिकी हैं। देखना होगा कि बढ़े हुए किराये को लेकर विभाग कोई स्पष्ट आदेश जारी करता है या नहीं, और यात्रियों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल यात्रियों को थराली से देहरादून जाने के लिए 1200 रुपये तक का किराया चुकाना पड़ रहा है।

चमोली के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अभिषेक भटगाई ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा अभी तक किसी भी मार्ग का किराया नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर टैक्सी संचालकों द्वारा मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने की शिकायतें सामने आई हैं, जो नियमों के अनुरूप नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में टैक्सी यूनियनों के साथ वार्ता की जाएगी और उनसे निर्धारित किराया सूची के अनुसार ही यात्रियों से किराया लेने को कहा जाएगा। यदि कोई वाहन स्वामी या संचालक बिना विभागीय अनुमति के मनमाने ढंग से किराया वसूलता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एआरटीओ ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि उनसे निर्धारित दरों से अधिक किराया वसूला जाता है तो इसकी शिकायत परिवहन विभाग को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने दोहराया कि वर्तमान में विभाग की ओर से किसी भी रूट पर किराया बढ़ाने का आदेश जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed