ब्रेकिंग: पोखरी-चांदनीखाल मोटर मार्ग पर बड़ा हादसा, ईको वाहन 60 मीटर गहरी खाई में गिरा, तीन घायल
बदलता गढ़वाल न्यूज,
पोखरी(चमोली)।
पोखरी-चांदनीखाल मोटर मार्ग पर चांदनीखाल के पास उलकाधार क्षेत्र में एक ईको वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे ईको वाहन हापला से पोखरी की ओर आ रहा था। चांदनीखाल के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर खड़ी चट्टान से नीचे जा गिरा।
हादसे में वाहन चालक भिकोना निवासी 26 वर्षीय अनुज तथा गुनियाला निवासी विजनेस रावत घायल हो गए, जबकि चौरा निवासी 40 वर्षीय अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा तथा थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी पोखरी लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि अनुज और विजनेस रावत की हालत सामान्य है, जबकि गंभीर रूप से घायल अक्षय को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
इस दौरान एसआई प्रशांत विष्ट, कपिल कुमार, रमेश जायसवाल, प्रेम भारती, राजस्व निरीक्षक प्रदीप रावत, राजस्व उपनिरीक्षक सूरज थपलियाल, नीरज स्वरूप, आशुतोष रावत, संतोष चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।