अच्छी ख़बर: चमोली के नंदानगर को मिला नगर पंचायत का दर्जा, कैबिनेट में मिली मंजूरी।

अच्छी ख़बर: चमोली के नंदानगर को मिला नगर पंचायत का दर्जा, केबिनेट में मिली मंजूरी।

नंदानगर:

चमोली जनपद के नंदानगर विकास खंड मुख्यालय को नगर पंचायत का दर्जा मिल गया है। बृहस्पतिवार को कैबिनेट बैठक में नंदानगर को नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। नगर पंचायत को मंजूरी मिलने से स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आम लोगों में खुशी की लहर है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत बनने से नंदानगर विकास खंड में विकास को गति मिलेगी। नंदानगर में पर्यटन ग्राम रामणी, सुपताल, जलताल, बैरासकुंड महादेव, लक्ष्मी नारायण मंदिर सैंती आदि प्रसिद्ध स्थल हैं।

नगर पंचायत के अस्तित्व में आने से नगर में पथ प्रकाश, साफ-सफाई व आम रास्तों की व्यवस्था सुदृढ हो जाएगी। नंदानगर विकास खंड मुख्यालय 95 गांवों से घिरा हुआ है। इन गांवों के ग्रामीण बैंकिंग व अन्य विभागीय कार्यों के लिए नंदानगर पहुंचते हैं। यहां मां नंदा का प्रसिद्ध सिद्धपीठ कुरुड़ स्थित है। प्रत्येक बारह वर्षों में यहां नंदाराजजात और प्रतिवर्ष नंदा लोकजात का आयोजन होता है।

नगर पंचायत बनने से नंदानगर में राजनीतिक रुप से भी गहमागहमी बनीं रहेगी। नगर पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए भी क्षेत्र में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। नंदानगर की ब्लॉक प्रमुख भारती देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष चरण सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह रावत, सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह राणा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखवीर सिंह रौतेला, देव सिंह नेगी, हीरा सिंह बिष्ट, राजा मैंदोली, व्यापारी भरत सिंह, अरविंद और सुरेंद्र सिंह नेगी आदि ने कहा कि नंदानगर के नगर पंचायत बनने से विकास को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed