सगर से श्री रघुनाथ पैदल मार्ग पर चला स्वच्छता अभियान, महिला मंगल दल एवं एक विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

महिला मंगल दल एवं एक विकास समिति सगर के संयुक्त तत्वावधान में सगर से श्री रघुनाथ पैदल मार्ग पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मार्ग में जगह-जगह बिखरे कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक को एकत्रित कर सामूहिक रूप से उसका निस्तारण किया गया। साथ ही आम नागरिकों एवं तीर्थयात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

स्वच्छता अभियान का शुभारंभ सामाजिक कार्यकर्ता एवं नामित सभासद, नगर पालिका परिषद गोपेश्वर सत्येंद्र रावत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समय-समय पर गांव, गली एवं मोहल्लों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। इससे समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है और युवा पीढ़ी एवं विद्यार्थी भी स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित होते हैं।

महिला मंगल दल की अध्यक्ष विजय देवी ने कहा कि मातृशक्ति द्वारा गांव में समय-समय पर श्रमदान, स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण जैसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से भी निरंतर प्रेरणा मिलती रहती है।

वहीं एक विकास समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने तीर्थयात्रियों से अपील की कि वे अपने साथ ले जा रहे प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को मार्ग में इधर-उधर न फेंकें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर सामूहिक रूप से उसका निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने सभी से पैदल मार्ग एवं प्राकृतिक वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।

इस दौरान “सुंदर गांव, स्वच्छ गांव” एवं “स्वच्छता ही सेवा है” जैसे नारों के साथ स्वच्छता अभियान का शुभारंभ एवं समापन किया गया। अभियान में महिला मंगल दल, एक विकास समिति के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने प्रतिभाग किया।

आयोजकों ने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े रचनात्मक कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ग्रामीणों एवं तीर्थयात्रियों से इन अभियानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed