थराली अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर चौथे दिन भी उबाल, विपक्ष की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

सात सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर डटे आंदोलनकारी, कांग्रेस के पूर्व विधायक समेत विपक्षी नेताओं के नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली (चमोली)।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शुरू हुआ आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। अस्पताल में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का धरना जारी है। आंदोलनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।

आंदोलनकारियों की सात सूत्रीय मांगों में अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, स्टाफ नर्सों की नियुक्ति और एक्स-रे टेक्नीशियन की तैनाती सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है। आंदोलनकारियों का कहना है कि थराली, देवाल और नारायणबगड़ तीन विकासखंडों की बड़ी आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है, लेकिन पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती है। गंभीर मरीजों को रेफर करना मजबूरी बन गया है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है।

विपक्ष की गैरमौजूदगी पर आंदोलनकारियों ने उठाए सवाल

धरने के चौथे दिन आंदोलनकारियों ने विपक्षी कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता से जुड़े इतने बड़े स्वास्थ्य मुद्दे पर कांग्रेस के पूर्व विधायक जीतराम सहित कोई प्रमुख विपक्षी नेता या कार्यकर्ता समर्थन देने नहीं पहुंचा। आंदोलनकारियों ने सवाल किया कि क्या विपक्ष क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग के साथ खड़ा नहीं होना चाहता? उनका आरोप है कि आंदोलन को समर्थन देने के बजाय इसे बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा, थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी और नरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग किसी राजनीतिक दल विशेष की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के हितों से जुड़ी है। ऐसे मुद्दे पर सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता की आवाज बुलंद करनी चाहिए।

जागर और गीतों से शासन-प्रशासन को जगाने का प्रयास

धरना स्थल पर चौथे दिन आंदोलन को अनूठे अंदाज में समर्थन देखने को मिला। काकड़ा गांव की गंगा देवी ने जागर के माध्यम से शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की याद दिलाई। उन्होंने जागर गाकर नगर पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों और नेताओं को जनता की समस्याओं के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।

वहीं, किमनी गांव की देवकी सोनियाल ने भी गीत के माध्यम से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने गीतों के जरिए शासन-प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।

धरना स्थल पर सुनीता देवी, अनीता देवी, संजय राणा, आनंद सिंह, उमेश देवराड़ी, भरत सिंह, योगेश देवराड़ी, अंकुर देवराड़ी, दीपक जोशी, प्रेम बल्लभ और नरेंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed