45 साल बाद देवाल बाजार में हुआ हॉटमिक्स, गुणवत्ता और विकास कार्यों को लेकर अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा की जनप्रतिनिधियों ने की सराहना

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली।

करीब 45 साल के लंबे इंतजार के बाद देवाल बाजार की सड़क पर हॉटमिक्स का कार्य होने से स्थानीय व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों में खुशी है। श्री नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग के तहत थराली-देवाल-वाण राजमार्ग संख्या-90 पर गुणवत्तापूर्ण हॉटमिक्स के साथ बाजार के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल बिछाने का कार्य शुरू होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा के कार्यों और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं।

रविवार को देवाल बाजार में सड़क पर हॉटमिक्स का सेकेंड कोट बिछाया गया। कार्य में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए देवाल व्यापार संघ के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर सहयोग किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा स्वयं देवाल पहुंचे और हॉटमिक्स कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर ग्राम प्रधान कविता मिश्रा, व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट, भाजपा आपदा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक नरेंद्र सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष विनायक मिश्रा और कांग्रेस ब्लॉक महामंत्री राकेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अधिशासी अभियंता से मुलाकात की। उन्होंने बाजार में हॉटमिक्स, इंटरलॉकिंग टाइल और सड़क से जुड़े अन्य निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए विभाग का आभार व्यक्त किया।

अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि देवाल बाजार में सड़क के दोनों ओर सीलन की समस्या को देखते हुए इंटरलॉकिंग टाइल लगाने का कार्य भी कराया जा रहा है। इसके अलावा पूरे सड़क मार्ग पर नालियों, सुरक्षा दीवारों और पुलियों का निर्माण भी प्रगति पर है। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान सहायक अभियंता एमसी जोशी, अवर अभियंता डीएस बधानी, सुरेंद्र रावत, मोहित मिश्रा और निर्माण कंपनी के प्रबंधक विनीत राठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed