10 हजार के लेनदेन में बिगड़ी बात, साथी की हत्या कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार*
Oplus_16908288
*कर्णप्रयाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया हत्याकांड का खुलासा, हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद*
बदलता गढ़वाल न्यूज,
कर्णप्रयाग(चमोली)।
चमोली जनपद के कर्णप्रयाग क्षेत्र के ग्राम सेमी में ₹10 हजार के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी को कर्णप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से ग्राम सेमी में दो व्यक्तियों के बीच झगड़े और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची, जहां सुमित कुमार (28 वर्ष), निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, पानी की टंकी के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। पुलिस उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तलाश शुरू की। सुरागरसी और पतारसी के बाद आरोपी सुनील कुमार (28 वर्ष), निवासी ग्राम गोठिंडा जूनिधार, थाना थराली, को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
*₹10 हजार के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद*
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास दो खच्चर हैं और वह पिछले 15–20 दिनों से सुमित कुमार के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। आरोपी के अनुसार, सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद आरोपी ग्राम सेमी स्थित सुमित के डेरे पर पहुंचा और उससे झगड़ा करने लगा। सुमित ने उसे पुलिस चौकी चलने के लिए कहा, लेकिन इसी दौरान आरोपी ने बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। सुमित के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने उस पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस दौरान सुमित की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी अशोक कुमार को आरोपी ने धमकी देकर वहां से भगा दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद अशोक कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी।
मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपी को 16 अक्टूबर 2026 को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।