चमोली में गांव-गांव पहुंच रही श्रमिक स्वास्थ्य योजना, 102 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण*

*स्वास्थ्य जांच के साथ श्रमिकों को वितरित की गई मुख्यमंत्री पोषाहार, स्वच्छता एवं शिक्षण किट*

*मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत 44 प्रकार की जांच, 102 श्रमिक हुए लाभान्वित*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत जनपद चमोली में श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांव-गांव एवं विकासखंड स्तर पर लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही श्रमिकों को मुख्यमंत्री पोषाहार किट, स्वच्छता किट एवं शिक्षण किट वितरित कर उन्हें स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

शनिवार 10 अक्टूबर को सिरोली मंडल में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिरोली, मंडल, बणद्वारा, बैरागना, देवलधार, ग्वाड़, सगर एवं गंगोल गांवों के श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई।

इस दौरान कुल 102 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत विशेषज्ञों द्वारा श्रमिकों को उनकी स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में श्रमिकों को मुख्यमंत्री पोषाहार किट, स्वच्छता किट एवं शिक्षण किट का वितरण भी किया गया।

मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना (CMSSY) के अंतर्गत हेल्थ एटीएम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से आयोजित इन शिविरों में आधुनिक तकनीक की सहायता से कुल 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच की जा रही हैं। इनमें ब्लड प्रेशर, हृदय गति एवं ईसीजी, नाड़ी दर एवं ऑक्सीजन स्तर, फेफड़ों की कार्यक्षमता, आंखों एवं ग्लूकोमा की जांच, कान एवं श्रवण क्षमता की जांच, त्वचा संबंधी जांच, कुपोषण की जांच, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण तथा एचआईवी जांच सहित अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण शामिल हैं।

योजना के माध्यम से श्रमिकों को उनके गांवों के नजदीक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान करने तथा श्रमिकों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में सहायता मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *