बड़ी जात यात्रा में स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय की सराहनीय स्वास्थ्य सेवा
दुर्गम एवं निर्जन पड़ावों तक पहुंचाई निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, 2200 से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया लाभ
बदलता गढ़वाल न्यूज,
पीपलकोटी।
मां नंदा की ऐतिहासिक बड़ी जात यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन देहरादून के सहयोग से स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय, पीपलकोटी की मेडिकल टीम ने वाण से आगे के दुर्गम एवं निर्जन पड़ावों तक पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
यात्रा के दौरान 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। अत्यधिक ठंड, कठिन पैदल मार्ग, अधिक ऊंचाई और ऑक्सीजन की कमी के कारण श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ऐसी विषम परिस्थितियों में चिकित्सालय की मेडिकल टीम ने विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक दवाइयां, हाई एल्टीट्यूड में उपयोगी औषधियां, ऑक्सीजन एवं अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराई।
स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय, पीपलकोटी के संरक्षक अतुल शाह ने बताया कि वाण से आगे के विभिन्न दुर्गम एवं निर्जन पड़ावों के साथ ही यात्रा मार्ग में जहां भी श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई, वहां मेडिकल टीम ने पहुंचकर उनका उपचार किया। जरूरत के अनुसार श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य सेवा का लगभग 2200 से अधिक श्रद्धालुओं ने लाभ लिया।
चिकित्सालय की मेडिकल टीम में डॉ. सुशील बलूनी एवं चीफ फार्मासिस्ट ताजवर सती सहित टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रारंभ में केवल बगुवासा तक मेडिकल कैंप लगाने की योजना थी, क्योंकि इसके आगे घोड़ों की आवाजाही नहीं होती और ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाइयां तथा अन्य मेडिकल उपकरण पहुंचाना बेहद कठिन था। लेकिन यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए मेडिकल टीम ने स्वयं अपने बैग में आवश्यक दवाइयां रखकर पूरी यात्रा के दौरान विभिन्न दुर्गम एवं निर्जन पड़ावों तक पहुंचकर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
इस सेवा कार्य में दीपक पंत, आदित्य शाह, पवन राणा एवं प्रदीप नेगी का विशेष सहयोग रहा। वहीं बड़ी जात यात्रा समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत एवं महामंत्री अशोक गौड़ द्वारा दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर एवं अन्य मेडिकल सामग्री दुर्गम पड़ावों तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान किया गया।
यात्रा के दौरान स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बिना सरकारी सहायता के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं करना सामुदायिक सहभागिता और सेवा भावना का उल्लेखनीय उदाहरण रहा।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने कठिन एवं दुर्गम परिस्थितियों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन देहरादून एवं स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय पीपलकोटी का आभार व्यक्त किया।