रक्षाबंधन पर हिमवीरों को बांधा रक्षा सूत्र, एकल विद्यालय की बहनों ने लिया राष्ट्र रक्षा का संकल्प

बदलता गढ़वाल न्यूज,
जोशीमठ/सुनील।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एकल अभियान की बहनों ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के वीर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया। इस दौरान बहनों ने देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हिमवीरों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि रक्षा, विश्वास, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। जब देशवासी अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाते हैं, उस समय आईटीबीपी के जवान विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सीमाओं की सुरक्षा में डटे रहते हैं। यही कारण है कि उन्हें देश का ‘हिमवीर’ कहा जाता है।

वक्ताओं ने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों, बर्फीले क्षेत्रों और कड़ाके की ठंड में अदम्य साहस के साथ तैनात इन जवानों का त्याग पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। हिमवीरों की सतर्कता और शौर्य के कारण देशवासी अपने घरों में सुरक्षित जीवन जीते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों द्वारा जवानों को रक्षा सूत्र बांधना समाज और सीमा के प्रहरी के बीच आत्मीयता एवं राष्ट्रभावना का मजबूत संदेश है।

एकल विद्यालय की बहनों ने जवानों को रक्षा सूत्र बांधते हुए कहा कि सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवान केवल अपने परिवार के नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के भाई हैं। उन्होंने शहीद सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा देशहित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान परिसर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से गूंज उठा। आईटीबीपी के जवानों ने भी एकल अभियान की बहनों द्वारा किए गए इस आत्मीय सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एकल अभियान गोपेश्वर अंचल के प्रभारी अतुल शाह, बंड विकास संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, आईटीबीपी के इंस्पेक्टर चिरंजीव, इंस्पेक्टर मोहन सिंह, इंस्पेक्टर वेद प्रकाश, इंस्पेक्टर रमेश चंद डिमरी, इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, इंस्पेक्टर रमेश सिंह एवं इंस्पेक्टर दिलावर सहित आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एकल अभियान की संभाग महिला प्रमुख दया पांडा, गोपेश्वर अंचल प्रभारी रश्मि नेगी, अंचल गोपेश्वर की महिला सचिव नीरजा पंवार, अमीषा, अनूप सहित तपोवन संच की आचार्य बहनें भी मौजूद रहीं।

रक्षाबंधन के इस आयोजन ने सीमा की रक्षा में तैनात हिमवीरों और समाज के बीच भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के रिश्ते को और मजबूत करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed