श्रम विभाग ने विकासखंड स्तर पर ऑनलाइन कार्यों के लिए रोस्टर किया जारी

बदलता गढ़वाल न्यूज,
चमोली।

जनपद चमोली में श्रम विभाग कार्यालय में श्रमिकों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी द्वारा ऑनलाइन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए विकासखंड स्तर पर रोस्टर जारी किया गया है। अब निर्धारित रोस्टर के अनुसार विकासखंडवार ऑनलाइन कार्य किए जाएंगे, जिससे श्रमिकों को अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और कार्यालय में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

पिछले कई दिनों से ग्रामीणों एवं श्रमिकों द्वारा श्रम विभाग कार्यालय में निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क लिए जाने तथा टोकन व्यवस्था लागू होने के बावजूद कार्यों के संचालन में लापरवाही की शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा श्रम विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण भी किया गया था।

औचक निरीक्षण के बाद श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी द्वारा ऑनलाइन कार्यों को व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करने के लिए विकासखंड स्तर पर शेड्यूल/रोस्टर जारी किया गया है। इसका उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही कार्यालय में अनावश्यक भीड़ को कम करना और कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना है।

विभाग की ओर से श्रमिकों एवं ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे निर्धारित रोस्टर के अनुसार ही अपने विकासखंड से संबंधित ऑनलाइन कार्यों के लिए कार्यालय में उपस्थित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *