ग्वालदम में जंगली जानवर का मांस बताकर कुत्ते का मांस बेचने की अफवाह से चर्चाओं का बाजार गर्म

बदलता गढ़वाल न्यूज,
ग्वालदम।

गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की मध्यस्थली तथा प्रमुख पर्यटन नगरी ग्वालदम इन दिनों एक अफवाह को लेकर चर्चा में है। क्षेत्र में जंगली जानवर का मांस बताकर कुत्ते का मांस बेचे जाने की बात तेजी से फैल रही है। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद इस मामले की अभी तक किसी भी स्तर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

क्षेत्र में चर्चा है कि ग्वालदम के एक व्यक्ति ने पिछले दिनों कथित तौर पर कुत्तों को काटकर उनके मांस को जंगली जानवर का मांस बताकर बेच दिया। बताया जा रहा है कि ग्वालदम बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों के कुछ लोगों ने कथित रूप से इस मांस की खरीदारी भी की। कुत्तों को काटकर मांस बेचे जाने की यह चर्चा थराली तहसील मुख्यालय, देवाल ब्लॉक मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत ग्वालदम के करूणपानी क्षेत्र के एक युवक पर इस तरह का मांस बेचने का आरोप लगाया गया। हालांकि, यह आरोप अभी केवल चर्चाओं और अफवाहों तक सीमित है। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि पिछले कुछ दिनों में ग्वालदम बाजार क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या कम दिखाई दे रही है, जिसे लोग इस मामले से जोड़कर देख रहे हैं।

अफवाह पुलिस तक पहुंचने के बाद थराली पुलिस भी सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया और ग्वालदम चौकी प्रभारी लक्ष्मण नेगी ने कथित आरोपी से पूछताछ करने के साथ उसके घर की जांच की। पुलिस की जांच में फिलहाल कोई ऐसी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे कुत्ते का मांस बेचे जाने की पुष्टि हो सके।

वहीं, कथित तौर पर मांस खरीदने वाले किसी व्यक्ति के सामने नहीं आने से भी मामले की सच्चाई स्पष्ट नहीं हो पाई है। न तो किसी व्यक्ति ने पुलिस के समक्ष मांस खरीदने की बात कही और न ही थाने अथवा चौकी में इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दी गई है।

फिलहाल ग्वालदम में कुत्ते का मांस बेचने की चर्चा जरूर जोर पकड़ रही है, लेकिन पुलिस जांच में अभी तक ऐसा कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है, जिससे इन आरोपों की पुष्टि की जा सके। ऐसे में मामला फिलहाल अफवाह और अपुष्ट चर्चाओं तक ही सीमित नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *