भूधंसाव और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे विधायक भूपाल राम टम्टा, हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा
ग्वालदम और सिलोडी गांव में प्रभावित परिवारों से मिले, अधिकारियों को राहत, सुरक्षा और स्थायी समाधान के दिए निर्देश
बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली।
थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने विकासखंड थराली की ग्राम पंचायत ग्वालदम (अनुसूचित जाति बस्ती) में भूधंसाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और विधायक ने भरोसा दिलाया कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ सरकार और जनप्रतिनिधि मजबूती से खड़े हैं।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पेयजल, विद्युत, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद विधायक भूपाल राम टम्टा विकासखंड नारायणबगड़ के सिलोडी गांव पहुंचे, जहां बीती रात प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक ने बताया कि सिलोडी गांव में जल निकासी की समस्या भविष्य में बड़े खतरे का कारण बन सकती है। इसे देखते हुए उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर स्थायी सुरक्षात्मक कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि उत्तराखंड सरकार आपदा प्रभावित प्रत्येक परिवार की सुरक्षा, सहायता और पुनर्वास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
दौरे के दौरान विधायक ने सिलोडी गांव के लोगों से आत्मीय मुलाकात भी की। उन्होंने कहा कि गांव पहुंचकर बचपन की अनेक स्मृतियां ताजा हो गईं और ग्रामीणों का स्नेह एवं अपनापन हमेशा की तरह प्रेरणादायी रहा।