चमोली में बारिश का कहर, कई सड़कें बंद, जनजीवन प्रभावित

बदलता गढ़वाल न्यूज,
थराली/चमोली.

चमोली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर कई राज्य मार्ग और ग्रामीण सड़कें मलबा आने के कारण बाधित हो गई हैं। हालांकि प्रशासन और संबंधित विभाग मार्गों को खोलने में जुटे हुए हैं।

लगातार बारिश के चलते सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग मोड़ा छीड़ा के पास मलबा आने से कुछ समय के लिए बंद हो गया था। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए सुचारु कर दिया है।

वहीं थराली-देवाल मोटर मार्ग पर भी हालात गंभीर बने हुए हैं। ल्वाणी, गमनी गाड़ और बगड़ीगाड़ के पास भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। लोक निर्माण विभाग की मशीनें मौके पर पहुंचकर मार्ग खोलने का काम कर रही हैं।

बारिश लगातार जारी रहने और बार-बार मलबा गिरने से सड़कें खोलने में विभाग को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। उधर मार्ग बंद होने से ग्रामीणों और यात्रियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *