एक कल विद्यालय के 45 आचार्य का 10 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन हुआ
बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।
एकल अभियान, अंचल गोपेश्वर, भाग गढ़वाल द्वारा आयोजित दस दिवसीय आचार्य अभ्यास वर्ग का समापन मंगलवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में 45 नवआचार्यों को विद्यालय संचालन, संस्कार शिक्षा, ग्राम विकास, संगठन कार्य, व्यक्तित्व विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक समरसता, स्वावलंबन तथा सेवा कार्यों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर प्रशिक्षु आचार्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश भी दिया।

समापन समारोह के मुख्य वक्ता अतुल साह, प्रदेश संयोजक व्यावसायिक प्रकोष्ठ, उत्तराखंड एवं एकल अभियान के संभाग सदस्य ने कहा कि एकल अभियान केवल विद्यालय चलाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के अंतिम छोर तक शिक्षा, संस्कार, सेवा और स्वावलंबन पहुंचाने का एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है।

उन्होंने कहा कि आज देशभर में एक लाख से अधिक एकल विद्यालयों के माध्यम से 40 लाख से अधिक परिवारों तक एकल अभियान का संपर्क स्थापित हो चुका है। एकल विद्यालय विशेष रूप से वनवासी, गिरिवासी, सीमांत, दुर्गम एवं दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा का दीप प्रज्वलित कर रहा है, जहाँ आज भी अनेक स्थानों पर नियमित शिक्षा की सुविधाएँ सीमित हैं।

उन्होंने कहा कि एकल विद्यालय का उद्देश्य केवल बच्चों को अक्षर ज्ञान देना नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और ग्राम स्वावलंबन की भावना विकसित करना भी है। अभियान गांवों में समाज को संगठित करते हुए समरस समाज के निर्माण तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

अतुल साह ने प्रशिक्षु आचार्यों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने-अपने गांवों में शिक्षा और संस्कार के साथ सेवा, संगठन और सामाजिक जागरण का कार्य भी करें। उन्होंने कहा कि एक समर्पित आचार्य केवल शिक्षक नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का प्रेरक होता है और उसके माध्यम से पूरे गांव में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले आचार्यों का उत्साहवर्धन किया गया तथा अतिथियों का स्मृति-चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन में सभी कार्यकर्ताओं एवं प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर अंचल के सचिव हरी प्रसाद ममगाई, बंड विकास संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, महामंत्री हरिश पुरोहित, अंचल अभियान प्रमुख रश्मि नेगी, अंचलप्रशिक्षण प्रमुख रेखा देवी, संच समिति प्रमुख प्रमिला देवी, गतिविधि प्रमुख अनूप सेमवाल, उषा देवी, रंजना सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु आचार्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षु आचार्यों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें गांव-गांव तक शिक्षा, संस्कार और सेवा का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।