गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन संदेश, संत समाज ने दी प्रदेश की खुशहाली की कामना*

बदलता गढ़वाल न्यूज,
गोपेश्वर।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद चमोली के प्रमुख मंदिरों में पुजारियों, गुरुओं, मठाधीशों एवं संत-महात्माओं को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का शुभकामना संदेश एवं शिष्टाचार भेंट प्रदान की गई। इस क्रम में उपजिलाधिकारी राजकुमार पाण्डेय ने श्री गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर पहुंचकर मंदिर के पुजारी पंडित अपूर्व भट्ट को मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश भेंट किया।

उपजिलाधिकारी चंद्र शेखर वशिष्ट सहित सभी उपजिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों, मठों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पुजारियों, गुरुओं, मठाधीशों और संत-महात्माओं को मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश एवं शिष्टाचार भेंट प्रदान की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समस्त पुजारियों, गुरुओं, मठाधीशों एवं संत-महात्माओं के प्रति गहरी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंदिरों में होने वाली लोककल्याण की अनवरत प्रार्थनाएं तथा आध्यात्मिक चेतना पूरे प्रदेश को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद उन्हें जनता की सेवा का दायित्व पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं धर्म के मार्ग पर निभाने की निरंतर प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने समाज में नैतिक मूल्यों, शांति, सद्भाव एवं समरसता की स्थापना में संत समाज की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संत-महात्माओं के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सतत सान्निध्य की कामना की।

इस अवसर पर श्री गोपीनाथ मंदिर के पुजारी पंडित अपूर्व भट्ट ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए प्रदेश तथा जनपद चमोली की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं सर्वांगीण विकास के लिए भगवान से प्रार्थना की।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने भी गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर समस्त जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जनपद चमोली एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो समाज को ज्ञान, संस्कार एवं सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed